राजनांदगांव : ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में 2 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार , सिटी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्यवाही…

फर्जी बैंक खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गणेश उर्फ शिव देवांगन जेल भेजा गया, दो आरोपी पूर्व में हो चुके हैं गिरफ्तार

Advertisements

राजनांदगांव, 05 अक्टूबर 2025। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार में फर्जी बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले करीब दो वर्ष से फरार आरोपी गणेश उर्फ शिव देवांगन पिता स्व. सुभाष देवांगन (उम्र 25 वर्ष, निवासी कलारपारा, जयस्तंभ चौक, राजनांदगांव) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में की गई।

प्रार्थी देवलाल साहू पिता मंशाराम साहू (उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम गठुला, ओ.पी. चिखली, जिला राजनांदगांव) ने दिनांक 29 जनवरी 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 27 जून 2023 को आरोपी विनायक साहू निवासी चिखली ने उसे शासकीय योजना के नाम पर धोखा देकर बैंक खाता खुलवाया।
विनायक साहू ने प्रार्थी व उसकी पत्नी का खाता ममता नगर स्थित केनरा बैंक में खुलवाकर पासबुक व एटीएम अपने पास रख लिया और कहा कि खाते में 1000 रुपए आएंगे। बाद में बैंक मैनेजर द्वारा जानकारी दी गई कि उस खाते से करोड़ों रुपए का ऑनलाइन लेनदेन किया गया है।

रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 60/2024, धारा 420 भा.दं.सं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

पूर्व में गिरफ्तार आरोपी

विवेचना के दौरान दो आरोपियों —

  1. विनायक साहू पिता जयंती साहू (उम्र 18 वर्ष 11 माह, निवासी गणपति मेडिकल, चिखली)
  2. शहबाज खान पिता सराउद्दीन खान (उम्र 26 वर्ष, निवासी आर.के. नगर, जीवन हाइट कॉलोनी, बसंतपुर)
    को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जा चुका है।

तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी

तीसरा आरोपी गणेश उर्फ शिव देवांगन घटना के बाद से फरार था। पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को 04 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।

टीम की भूमिका

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, प्र०आर० जी. सिरिल, आरक्षक रंजीत चौरसिया, प्रदीप जायसवाल, श्रीनिवास राव एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

राजनांदगांव पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा व आर्थिक अपराधों में लिप्त व्यक्तियों पर सतत् निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।