back to top

राजनांदगांव : रजत जयंती वर्ष पर राजनांदगांव पुलिस का जनजागरूकता अभियान…

साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात नियमों के प्रति दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

Advertisements

राजनांदगांव, 05 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में राजनांदगांव पुलिस द्वारा जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत थाना बसंतपुर, लालबाग, सोमनी, छुरिया, डोंगरगांव, घुमका, गेंदाटोला, बोरतलाव सहित पुलिस चौकी सुरगी एवं तुमड़ीबोड क्षेत्र में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर नागरिकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

साइबर अपराध से बचाव की जानकारी

अभियान के दौरान नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड, फेक कॉल, फिशिंग लिंक, लोन ऐप, सोशल मीडिया ठगी आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
लोगों को बताया गया कि —

किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें,

अपनी व्यक्तिगत जानकारी (OTP, पासवर्ड, बैंक विवरण) किसी से साझा न करें,

सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से मित्रता या निजी जानकारी साझा करने से बचें,

व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय करें,

और समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें।

साथ ही, यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध होता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में सूचना देने की अपील की गई।

महिला सुरक्षा एवं अधिकारों की जानकारी

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न एवं लैंगिक अपराधों से संबंधित कानूनों और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
महिलाओं को अपने अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया गया ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में वे तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकें।

यातायात और नशामुक्ति पर जनजागरूकता

पुलिस कर्मियों ने नागरिकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने, नाबालिग ड्राइविंग से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने की सलाह दी।
साथ ही, नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

यह जनजागरूकता अभियान 03 और 04 अक्टूबर 2025 को जिले के विभिन्न ग्रामों व शैक्षणिक संस्थानों में चलाया गया।
थाना बसंतपुर पुलिस ने अथर्व एकेडमी राजनांदगांव और ग्राम बाकल, थाना लालबाग ने ग्राम कोटरा सरार, थाना सोमनी ने कॉल सेंटर व सोमनी बाजार चौक, थाना छुरिया ने ग्राम भोलापुर, थाना डोंगरगांव ने साल्हे एवं कुमर्ददा, थाना घुमका ने ग्राम गोपालपुर, थाना गेंदाटोला ने बेलरगोंदी, थाना बोरतलाव ने ग्राम बोरतलाव, पुलिस चौकी सुरगी ने बिल टिकरी एवं भोथीपार, और पुलिस चौकी तुमड़ीबोड ने अलीखुटा एवं आरगांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

राजनांदगांव पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी पूरे जिले में सतत रूप से जारी रहेगा, ताकि नागरिकों को अपराध, ठगी और सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखा जा सके।

Advertisements

You cannot copy content of this page