back to top

राजनांदगांव: कटनी मंडी भेजा गया 3 टन खीरा नहीं पहुंचाया, अमानत में खयानत के आरोप में दो गिरफ्तार…

राजनांदगांव। बोरतलाव पुलिस ने 3 टन खीरा निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंचाने और उसकी रकम नहीं देने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। खीरे की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अजय कुमार सिन्हा ने 30 जून 2026 को किसानों से करीब 3 टन खीरा खरीदा था। इसके बाद खीरे को ट्रांसपोर्टर नजीर अंसारी और पिकअप चालक अतुल यादव के माध्यम से मध्यप्रदेश के कटनी स्थित सब्जी मंडी भेजा गया था। आरोप है कि दोनों ने खीरे को निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंचाया और प्रार्थी को इसकी कोई जानकारी भी नहीं दी। साथ ही खीरे की रकम भी नहीं दी गई।

Advertisements


मामले में प्रार्थी की शिकायत पर थाना बोरतलाव में अपराध क्रमांक 57/2026, धारा 316(3), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री केशरीनंदन नायक के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।

टीम ने 4 सितंबर की तड़के भिलाई और रायपुर स्थित आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन दर्ज किए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


पुलिस के मुताबिक, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को फाइनेंस कंपनी द्वारा पहले ही सीज कर ले जाया गया है। वाहन को संबंधित फाइनेंस कंपनी से पृथक रूप से जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।

Advertisements

You cannot copy content of this page