राजनांदगांव 10 जून 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 (एसडब्ल्यूएम रूल 2026) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण सतत विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं।
उन्होंने सभी विभागों, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों को नियमों के अनुरूप कार्य करते हुए स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन तथा जनभागीदारी को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने बल्क वेस्ट जनरेटरों के शत-प्रतिशत पंजीयन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने कहा।
कलेक्टर ने जैविक कचरे के स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण, रिसाइक्लिंग को बढ़ावा देने, स्वच्छता संबंधी जनजागरूकता गतिविधियों के विस्तार तथा ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिए कहा।
कलेक्टर ने जिले के नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की वर्तमान स्थिति, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर संग्रहण, बल्क वेस्ट जनरेटर पंजीयन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, कम्पोस्टिंग, रिसाइक्लिंग तथा अपशिष्ट के वैज्ञानिक निपटान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के विभिन्न प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन हेतु आवश्यक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरढ़ श्री एम भार्गव, एसडीएम राजनांदगांव श्री गौतम पाटिल, एसडीएम डोंगरगांव श्री श्रीकांत कोराम सहित स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण एवं शहरी) अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।