back to top

राजनांदगांव : कलेक्टर ने ग्रामीण अंचलों का भ्रमण कर जानी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत, विकासखंड डोंगरगांव के अर्जुनी व छुरिया के ग्राम पंचायत कुमरदा में ग्रामीणों से हुए रूबरू…

राजनांदगांव 12 मई 2022। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत अमलीडीह, अर्जुनी एवं छुरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत कुमरदा का भ्रमण किया। इस दौरान वे यहां शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीणों को मिल रहे लाभ की जमीनी हकीकत से रूबरू हुए। कलेक्टर सिन्हा ग्रामीण अंचलों का नियमित भ्रमण कर रहे हैं और वे इस दौरान ग्रामीणों से रूबरू होकर ग्रामीणों से उनकी समस्या भी सुन रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने आज विकासखंड डोंगरगांव के ग्राम पंचायत अमलीडीह में बने गौठान का निरीक्षण किया। गौठान में चल रहे निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारी को यहां निर्माण कार्य में तेजी लाने कहा। उन्होंने भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए गौठान में फलदार व छायादार वृक्ष लगाने कहा।

Advertisements

कलेक्टर जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों से हुए रूबरू –
योजनाओं से मिल रहे लाभ और समस्या की ली जानकारी –
ग्राम अर्जुनी में मिनी खेल स्टेडियम की प्रशंसा की –

कलेक्टर सिन्हा आज ग्राम पंचायत अर्जुनी एवं ग्राम पंचायत कुमरदा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों से रूबरू होकर उनसे शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इसके साथ ही वे ग्रामीणजनों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं से भी रूबरू हुए। जनसमस्या निवारण शिविर में यहां आए ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित विभाग के अधिकारियों को निराकरण करने निर्देशित किया। अर्जुनी में ग्राम पंचायत भवन में बनाए गए  बैठक व शेड को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। यहां स्टेडियम नुमा डोम सह पंडाल का निर्माण किया गया है। यहां ग्राम पंचायत भवन में बैठक व्यवस्था के लिए अच्छा प्रयास किया गया है। यहां ग्रामीण खेल प्रतिभा को उभारने के लिए मिनी स्टेडियम का निर्माण किया गया है। इसे देखकर उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण बेहतरीन ढंग से किया गया है। यहां आयोजित शिविर में पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों के संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा किया। ग्राम कुमरदा में उन्होंने राशन दुकान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने राशन दुकान संचालनकर्ता को प्रतिदिन दुकान खोलने के निर्देश दिए।

ग्राम कुमरदा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में सहानुभूतिपूर्वक सुनी लोगों की समस्याएं –
कलेक्टर सिन्हा ने छुरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत कुमरदा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में आए ग्रामीणों की समस्याओं को सहानुभूति पूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि जनसामान्य की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से प्रशासन जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन कर रहा है। यह उपयुक्त अवसर है कि ग्रामीण एक ही मंच पर अपने विभिन्न प्रकार की शिकायतों से अधिकारियों को अवगत करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन होने से जनसामान्य को ब्लॉक स्तर या जिला मुख्यालय आकर आवेदन देने की समस्या से निजात मिलता है।

शिविर का आयोजन होने से ग्रामीणों को अपने ही गांव में अनेक प्रकार की सेवा का लाभ लेने में मदद मिलता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक ग्रामीण इस शिविर का लाभ लें। कलेक्टर ने यहां शिविर में आए अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं को भली-भांति परीक्षण कर निराकरण करने और उनकी समस्या से निजात दिलाने निर्देशित किया।

फूड इंस्पेक्टर और कृषि विकास अधिकारी की शिकायत, व्यवहार सुधारने कहा –
कलेक्टर ने ग्रामीणों की शिकायत पर फूड इंस्पेक्टर और कृषि विकास अधिकारी दोनों अधिकारियों को अपना व्यवहार सुधारने की हिदायत दी। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण जन अपनी सामान्य समस्या को लेकर काफी गंभीर और चिंतित रहते हैं। जिनका सकारात्मक सहयोग मिलने से उन्हें अपनी समस्या से छुटकारा मिलने के साथ ही अन्य योजनाओं से लाभ लेने में मदद मिलता है। उन्होंने यहां आए सभी अधिकारियों से कहा कि मैदानी अमला की अधिकारियों की जिम्मेदारी और भूमिका है कि वे ग्रामीणों के साथ बेहद सहज रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर, एसडीएम डोंगरगांव श्री हितेश पिस्दा, जनपद सीईओ श्री प्रतीक प्रधान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page