राजनांदगांव: कलेक्टर ने निक्षय-निरामय छत्तीसगढ़ की दिलाई शपथ…


राजनांदगांव 01 जनवरी 2025। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज कलेक्टोरेट में अधिकारी एवं कर्मचारियों को निक्षय-निरामय छत्तीसगढ़ 100 दिवसीय पहचान एवं उपचार अभियान के तहत टीबी, कुष्ठ एवं मलेरिया उन्मूलन के लिए शपथ दिलाई।

Advertisements


उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में 7 दिसम्बर 2024 से 24 मार्च  2025 तक निक्षय-निरामय छत्तीसगढ़ 100 दिवसीय पहचान एवं उपचार अभियान का संचालन किया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा 7 से 22 दिसंबर 2024 तक घर-घर सर्वे कर टीबी एवं कुष्ठ की संदेहास्पद मरीजों की पहचान की गई। अभियान के दूसरे, तीसरे एवं चौथे चरण में पाए गए संदेहास्पद मरीजों की जांच कर उनकी बीमारी के संबंध में पुष्टि कर उनका उपचार किया जाएगा।

अभियान के दौरान बाजार, छात्रावास, वृद्धाश्रम, अनाथालय, जेल एवं अन्य स्थानों पर निक्षय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही सभी शासकीय कार्यालय, विद्यालय, महाविद्यालयों में टीबी, कुष्ठ एवं मलेरिया उन्मूलन के लिए शपथ दिलाई जा रही है। इस अवसर पर एसडीएम राजनांदगांव श्री खेमलाल वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल सहित कलेक्टोरेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।