
– कलेक्टर श्री अग्रवाल ने अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने ग्रामीणजनों से की अपील

राजनांदगांव 28 फरवरी 2024। जिले के छुरिया विकासखंड के ग्राम जोब में जनसामान्य की समस्याओं और मांगों के त्वरित निराकरण तथा राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने जनसमस्या निवारण शिविर 29 फरवरी को आयोजित किया जायेगा।
यह शिविर ग्राम जोब में सुबह 10.30 बजे से आयोजित होगा। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से इस जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होने की अपील की।
कलेक्टर श्री अग्रवाल द्वारा इस शिविर के आयोजन से पहले ग्राम पंचायत जोब के आस-पास की सभी ग्राम पंचायतों एवं आश्रित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सूचना देने और उनकी शिकायतों, समस्या तथा मांगों के संबंध में आवेदनों का पंजीयन करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये गये हैं। ग्रामीण इस शिविर में पहुंचकर मौके पर भी आवेदन दे सकते हैं।
शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपस्थित लोगों को दी जायेगी तथा शासकीय योजनाओं के तहत स्वीकृत प्रकरणों से संबंधित सामग्रियों का वितरण किया जायेगा। शिविर में विशेष रूप से अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने का प्रयास किया जायेगा।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छुरिया को शिविर के आयोजन के संबंध में क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। इस शिविर में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों से लेकर मैदानी अमले को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश भी जारी किये गये हैं।









































