
राजनांदगांव। श्री कृष्ण जन्माष्टमी की अंचल में धूम रही। घर व मंदिरों में जहां भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाकर विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। वहीं शहर में सर्व यादव समाज द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान जयकारों की गूंज रही।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर अंचल में श्रद्धा भक्ति का माहौल रहा। मंदिरों में विशेष साज सजावट की गई थी, जहां सुबह से ही भक्तों की उपस्थिति रही। घरों में भी भक्तों ने कान्हा का जन्मदिन हर्षोल्लास एवं भक्ति के साथ मनाया।

शहर में सर्व यादव समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुबह से ही अलग-अलग वार्ड से भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियों को लेकर समाज के लोग महारानी स्कूल प्रांगण में पहुंचते रहे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात विशाल शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से निकली।
इस दौरान बाजे-गाजे के साथ ही भजनों की गूंज रही। पूरे शोभायात्रा में समाज के बच्चों से लेकर सभी वर्ग के लोगों की उपस्थिति रही। शोभायात्रा का शहर के कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान भक्ति में थिरकते भक्तों के बीच जयकारों के साथ ही हाथी घोडा पालकी जय कन्हैया लाल की गूंज रही। दिनभर चहल-पहल का नजारा रहा।











































