राजनांदगांव: गाय पर भेदभाव भाजपा की सोच गोधन न्याय योजना बंद कर किया गया अपमान…

राजनांदगांव। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी द्वारा गाय को लेकर दिए गए विवादित बयान के विरोध में कांग्रेस के युवा नेताओं ने राजनांदगांव में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन युवा नेता एवं पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री तथा प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक सचिव विशु अजमानी के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। इस दौरान पहले घुमंतू गाय की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, तत्पश्चात भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन कर आक्रोश जताया गया।

Advertisements


प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा नेता एवं पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई गोधन न्याय योजना ने गौवंश संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला स्व-सहायता समूहों और गौपालकों को मजबूती दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही इस जनहितकारी योजना को बंद कर गौवंश और ग्रामीण आजीविका—दोनों का अपमान किया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेंटी अल्पसंख्यक विभाग के सचिव विशु अजमानी ने भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर भाजपा गाय के नाम पर वोट मांगती है, वहीं दूसरी ओर गौवंश में भेदभाव फैलाने वाले बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश राज्यों में गौवंश वध पर प्रतिबंध से जुड़े कानून कांग्रेस शासनकाल में ही लागू हुए थे, इसलिए भाजपा को गौ-रक्षा पर उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।


कांग्रेस नेताओं ने दिसंबर 2025 के अंत और जनवरी 2026 की शुरुआत में दिए गए भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी के उस बयान की कड़ी निंदा की, जिसमें उन्होंने कहा था कि “जर्सी गाय को गौ माता नहीं माना जा सकता।” कांग्रेस नेताओं ने इसे हिंदू आस्था का सीधा अपमान बताते हुए कहा कि भाजपा अब गायों को भी नस्ल और उत्पत्ति के आधार पर बांटने की राजनीति कर रही है।


कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि भाजपा नेतृत्व इस बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और छत्तीसगढ़ में गोधन न्याय योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को पुनः शुरू करे, ताकि गौवंश संरक्षण और ग्रामीण हितों की प्रभावी रक्षा सुनिश्चित हो सके। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से हर्ष खोबरागड़े,सागर ताम्रकार,राजा यादव,शुभम कासर,अभी गुप्ता, हर्षल हनी,अंसल,प्रभात मांडवी,देव कोमरे,गरुण विक्रम,तौसीफ गोरी,जय जायसवाल, सुरेन्द्र साहू, आशीष साहू, उदय मरकाम, चेतन साहू, ऋषभ निर्मलकर, जय साहू अन्य साथी उपस्थित थे।