back to top

राजनांदगांव: 24 घंटे में डोंगरगांव पुलिस ने किया चोरी का खुलासा करीब 4 लाख की चोरी का सामान बरामद…

राजनांदगांव। डोंगरगांव थाना पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर की गई चोरी की एक बड़ी वारदात का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 4 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए सोने के जेवरात, हथियार एवं औजार बरामद किए गए हैं। इस मामले में शत-प्रतिशत मशरूका की बरामदगी हुई है।

Advertisements


मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 जनवरी 2026 को प्रार्थी सूर्यदेव मरावी पिता विजय कुमार मरावी, उम्र 37 वर्ष, निवासी विवेकानंद कॉलोनी मटिया, थाना डोंगरगांव ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 03 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 4:45 बजे के बीच, जब घर में कोई मौजूद नहीं था, तब अज्ञात चोरों ने सूने मकान में घुसकर आलमारी एवं लॉकर का ताला तोड़ते हुए उसमें रखे सोने के हार, मंगलसूत्र, टाप्स, अंगूठी, लॉकेट सहित अन्य जेवरात चोरी कर लिए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 06/2026, धारा 305(ए), 331(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिस पर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश ठाकुर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगांव श्री दिलीप सिसोदिया के दिशा-निर्देश में थाना प्रभारी डोंगरगांव निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।


पुलिस टीम द्वारा तत्काल रात में घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। डॉग स्क्वाड प्रभारी अजय वर्मा को मौके पर बुलाया गया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर पुराने संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।


इसी दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर टीम ने आरोपी पूर्णानंद सोनकर (32 वर्ष), निवासी बोधीटोला वार्ड क्रमांक 11 डोंगरगांव, रेश्मा मरकाम (35 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12 बोधीटोला डोंगरगांव एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए लाखों रुपये के सोने के जेवरात के साथ-साथ चोरी में प्रयुक्त हथियार एवं औजार भी जब्त किए। चोरी गए संपूर्ण जेवरात की बरामदगी कर ली गई है।


इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, सहायक उप निरीक्षक देवकुमार रावटे, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख, आरक्षक धर्मेन्द्र मांडले, हेमंत सूर्यवंशी, बिसराम वर्मा, चन्द्रप्रकाश हरमुख एवं जीतेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page