
डोंगरगांव/राजनांदगांव, 2 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार रक्षक की टीम द्वारा सोमवार को ग्राम खपरी कला, पोस्ट बाकल, तहसील डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव में गौ संरक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रात्रि में सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव के लिए गायों के सींग में लाल रेडियम पट्टी लगाई गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य रात के समय सड़कों पर विचरण करने वाली गायों को वाहन चालकों के लिए दूर से ही दृश्य बनाना है, ताकि संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों को भी जागरूक करते हुए बताया कि रेडियम पट्टी लगाने से अंधेरे में भी पशु स्पष्ट दिखाई देते हैं और इससे मानव एवं पशु दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
इस अवसर पर ग्राम खपरी कला की सरपंच श्रीमती माधुरी साहू, ग्राम अध्यक्ष हीरामन महेश्वरी सहित अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार रक्षक छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रॉकी रेनॉल्ड एंथोनी, प्रदेश महासचिव रॉबिन हेनरी फ्रांसिस, प्रदेश सलाहकार नवनीत कुमार बारस्कर, प्रदेश सचिव डारी लाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष लोकेश देवांगन, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र लेंझारे एवं ओंकार साहू उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। संस्था के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।









































