
50 से ज्यादा CCTV कैमरों की मदद से सुलझी दिनदहाड़े चोरी की गुत्थी
बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, 10.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद

राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र की आशीर्वाद कॉलोनी कौरिनभाठा में दिनदहाड़े हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण तथा शहर में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने का डल्ला, लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण और 1.50 लाख रुपये नगद सहित करीब 10.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को आशीर्वाद कॉलोनी निवासी कुल प्रकाश वालदे ड्यूटी पर गए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 से 2:45 बजे के बीच अज्ञात आरोपी ने उनके घर के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी के लॉकर को तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण तथा 1.50 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए थे। मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 420/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(3), 305 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और साइबर/क्राइम डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक कौशलेश देवांगन एवं साइबर सेल प्रभारी विनय पम्मार के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सहित शहर के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और जेल प्रशासन से समन्वय के बाद पुलिस को आदतन चोरी के आरोपी विक्की वर्मा के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस ने आरोपी विक्की वर्मा को 20 सितंबर को हरियाणा से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आया कि विक्की वर्मा वर्ष 2025-26 में चोरी के मामले में सेंट्रल जेल जगदलपुर में निरुद्ध था। इसी दौरान उसकी पहचान चोरी के मामले में बंद रहिमन से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, रहिमन आशीर्वाद कॉलोनी में ही प्रार्थी के मकान के ऊपर प्रथम तल पर किराए से रहता था। उसे प्रार्थी के घर में सोने-चांदी के आभूषण होने तथा दोपहर के समय मकान के सूने रहने की जानकारी थी। इसी आधार पर उसने विक्की वर्मा को राजनांदगांव बुलाया। घटना के समय दोनों मोबाइल फोन के जरिए संपर्क में थे। वारदात के बाद विक्की ने कुछ सोने के आभूषण हरियाणा के कुरुक्षेत्र में ज्वेलर्स को बेचने की बात भी पुलिस को बताई।
पुलिस ने आरोपी विक्की वर्मा के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने का डल्ला, 1 लाख रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया। वहीं दूसरे आरोपी रहिमन से चोरी के चांदी के आभूषण तथा 50 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को 20 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विक्की वर्मा के विरुद्ध बस्तर, महासमुंद, दुर्ग, कबीरधाम, धमतरी और राजनांदगांव सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं रहिमन के विरुद्ध भी बस्तर जिले में चोरी का एक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है। पुलिस ने बताया कि चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। साथ ही चोरी के आभूषणों की बिक्री में किसी ज्वेलर की संलिप्तता सामने आने पर उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।











































