back to top

राजनांदगांव: घुमका में निकला भव्य फ्लैग मार्च, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान का दिया संदेश…


राजनांदगांव। नगरीय निकाय निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और निर्भीक वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को घुमका नगर क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन द्वारा भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का संदेश देते हुए निर्भय होकर मतदान करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के नेतृत्व में आयोजित इस फ्लैग मार्च में 140 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। मार्च नगर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा, जहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।

Advertisements


फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना, मतदाताओं में विश्वास का वातावरण स्थापित करना और किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना रहा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने या शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज, डीएसपी एंब्रोस कुजूर, एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक, तहसीलदार मुकेश ठाकुर, नायब तहसीलदार अब्दुल वसीम सिद्दीकी, चौकी सुकुलदैहान प्रभारी भूषण चंद्राकर, चौकी चिचोला प्रभारी योगेश पटेल, चौकी मोहरा प्रभारी सुमेंद्र खरे, रक्षित निरीक्षक लोकेश कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

Advertisements

You cannot copy content of this page