
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ पुलिस ने शराब के नशे में गाली-गलौज करने और रोकने पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 6 अगस्त 2025 की शाम करीब 4 बजे पुराना बस स्टैंड, मजहर ऑटो पार्ट्स दुकान के पास हुई। पीड़ित पाले खान (40 वर्ष) निवासी पुराना बस स्टैंड, डोंगरगढ़, वहां खड़ा था, तभी आरोपी सलीम खान (56 वर्ष) शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। पीड़ित ने उसे मना किया तो आरोपी ने गंदी गालियां देते हुए हत्या की नीयत से अपने पास रखे चाकू से पीड़ित के गले और पेट पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 392/2025 धारा 296, 351(2), 109 बीएनएस दर्ज कर विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन पर थाना प्रभारी डोंगरगढ़ उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश कर 8 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त चाकू भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ मारपीट समेत कई मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2002, 2003, 2011, 2012, 2021 और 2022 के मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी में निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, उप निरीक्षक नरेश बंजारे, भुशन चंद्राकर, आरक्षक चितेश गात्रे एवं लीलाधर मंडलोई की सराहनीय भूमिका रही।









































