राजनांदगांव: चिखली ओवरब्रिज की सड़क जर्जर, लाईटें बंद, संकेतक तक नहीं लगाए गए; कांग्रेस ने पीडब्‍लूडी को घेरा…

उत्‍तर व दक्षिण ब्‍लाक कांग्रेस कमेटी ने सौंपा ज्ञापन

राजनांदगांव: उत्‍तर व दक्षिण ब्‍लाक कांग्रेस कमेटी ने जिला शहर कांग्रेस अध्‍यक्ष जितेंद्र मुदलियार के निर्देश पर संयुक्‍त रुप से शनिवार को चिखली ओवरब्रिज और अन्‍य सड़कों की दुर्दशा को लेकर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपा।

ब्‍लाक अध्‍यक्षद्वय चेतन भानुशाली और लक्ष्‍मण साहू ने संयुक्‍त रुप से कहा कि बीते चिखली ओवरब्रिज की हालत बेहद खराब है। डिवाईडर बनाए जाने से सड़क संकरी हो गई है। इसके बाद डिवाईडर कई जगहों पर टूट गए हैं। ईंट बिखरे पड़े हैं। यहां की सभी लाईटें बंद पड़ी है। सड़क में कहीं कोई संकेतक भी नहीं लगाए गए हैं। सड़क भी खराब है। इस रास्‍ते में चल पाना भी लोगों के दूभर हो चुका है। वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। उन्‍होंने तत्‍काल यहां डिवाईडर और सड़क की मरम्‍मत किए जाने और लाईटों को चालू करने की मांग की।

अध्‍यक्षों ने कहा कि शहर में लोक निर्माण विभाग के कई रास्‍तों का यही हाल है। लखोली से कन्‍हारपुरी मार्ग की स्थिति भी ऐसी ही है। भारी वाहनों की आवाजाही से यह और जर्जर हो चुकी है। लखोली ओवरब्रिज से लेकर कन्‍हारपुरी तक तो सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इसी तरह डोंगरगढ़ जाने वाले वार्ड एक बजरंगपुर-नवांगांव मार्ग और शहर के अन्‍य विभिन्‍न सड़कों की बुरी स्थिति को लेकर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेसियों ने आक्रोश व्‍यक्‍त किया।

चेतन भानुशाली ने कहा भाजपा विकास के बड़े-बड़े दावे करने में मशगुल है और यहां शहर की सड़कें ही लोगों को बेहाल कर रही हैं। पेंड्री से रायपुर नाका की ओर जाने वाले बाईपास की स्थिति ऐसी है कि यहां दो पहिया वाहन चला पाना भी मुश्किल है। ऐसी जर्जर सड़कें ही दुर्घटनाओं का कारण भी बनती है। लक्ष्‍मण साहू ने कहा कि सड़कों की मरम्‍मत, निर्माण का कार्य एक माह के भीतर अगर शुरु नहीं किया जाएगा तो कांग्रेस हर जर्जर सड़क पर इसका जिम्‍मेदार लोक निर्माण विभाग और भाजपा सरकार को बताने वाले बोर्ड लगाएगा।

इस दौरान मामराज अग्रवाल, अशोक पंजवानी, पार्षद राजा तिवारी, पिंकू खान कादिर कुरैशी जय जायसवाल, वीरेंद्र चंद्राकर, लोकू यादव, निलेश ठावरे, गोलू नायक, अभिषेक सिंह, रोकेश चंद्राकर, हिमालय बन्दे शत्रु पासवान, राहुल यादव सहित अन्‍य कांग्रेसी मौजूद थे।