राजनांदगांव: चिचोला पुलिस ने 23.270 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को किया गिरफ्तार…


राजनांदगांव। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिचोला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चिचोला बस स्टैंड के पास कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 23.270 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 10.10 लाख रुपये, बिक्री की 300 रुपये की नकदी तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।


पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री केशरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल अपनी टीम के साथ 26 जून की रात गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चिचोला बस स्टैंड के पास दो व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।


सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मोहम्मद समीर (28 वर्ष) एवं आयाज खान (39 वर्ष), दोनों निवासी अकोला (महाराष्ट्र), बताए। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद दो बैगों से कुल 23.270 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया।


आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी योगेश पटेल, उप निरीक्षक वीरेंद्र नाविक, उप निरीक्षक मो. शरीफुद्दीन शेख, प्रधान आरक्षक बलराम सिंह, प्रधान आरक्षक चंद्रकली कंवर, आरक्षक कमलेश बंजारे, रमेश कतलम, कार्तिक यादव एवं सुनील कुमार की सराहनीय भूमिका रही।