
राजनांदगांव। शहर के ममता नगर स्थित एक गोदाम से चोरी हुए अनाज मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी का अनाज खरीदने वाले दो व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सोयाबीन, चना तथा नगदी सहित कुल 2 लाख 43 हजार 960 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार ममता नगर स्थित एक गोदाम से मार्च 2026 से रखे गए चना खंडा, सोयाबीन और मसूर समेत करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य के अनाज की चोरी होने की शिकायत 3 जून 2026 को दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोदाम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच के दौरान मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल कुर्रे और दिनेश साहू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अनाज बिक्री की रकम 7,900 रुपये जब्त किए थे। दोनों आरोपियों को एक दिन पहले न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।










































