
राजनांदगांव, छत्तीसगढ़- महाराष्ट्र राष्ट्रीय राजमार्ग में आज एक बड़े हादसे में एक महिला की मौके पर मौत हो गयी। हादसे में 11 घायलों में से चार की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उक्त हादसा मानपुर ब्लाक मुख्यालय से लगभग 6 किलो मीटर दूर इरागांव के समीप हुआ। चार गंभीर रूप से घायल लोगों को मेडिकल कॉलेज हास्पिटल पेन्ड्री भेजा गया है। सभी लोग ट्रेक्टर में सवार होकर ग्राम नेड़गांव छट्ट्ठी कार्यक्रम में जा रहे थे।

मानपुर से हमारे संवाददाता प्रमोद निर्मल ने जानकारी देते हुए बताया कि मोहला- मानपुर जिला अंतर्गत मानपुर ब्लॉक से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे 930 में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जहां ट्रक की ठोकर से ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। घटना के बाद ट्रकचालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया है वहीं ट्रैक्टर ट्राली में सवार 11 लोग जख्मी हो गए हैं। यही नहीं एक महिला की दर्दनाक मौत भी हो गई है। घटना मानपुर ब्लॉक मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर मानपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम इरागांव के पास आज दोपहर उपरांत घटित हुई।
मानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि मानपुर ब्लॉक अंतर्गत मदनवाड़ा थानाक्षेत्र के ग्राम खुर्सेखुर्द से करीब दो दर्जन ग्रामीण जिसमे महिला, पुरुष व बच्चें शामिल हैं, ट्रेक्टर में सवार होकर ग्राम नेड़गांव में आयोजित छट्ट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। घटना में ट्रेक्टर ट्राली सवार महिला, पुरुष, बच्चे समेत 11 लोग जख्मी हो गए। राहगीरों व ग्रामीणों की मदद से घायलों को सड़क से हटाकर सड़क किनारे खेत में ले जाया गया।
इस बीच घटना की सूचना पाकर मानपुर थाने से पुलिस जवान भी मौके पर पहुंचे। घायलों को मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां घायलों का इलाज जारी है। मानपुर अस्पताल में उपचार के दौरान एक 26 वर्षीय महिला दूरपत बाई उसारे पति कमलेश उसारे की मौत हो गयी। तीन महिला नोहरी बाई, बिसंतीन बाई और बृज बाई समेत एक युवक सुकाल सिंह को गंभीर चोटें आई हैं।
घायल महिला, पुरुष व बच्चों को चोट अधिक न होने के चलते प्राथमिक उपचार उपरांत रिलीफ कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि गंभीर जख्मी चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इधर मानपुर पुलिस अपनी कार्यवाही में जुटी हुई है तथा फरार ट्रक को तलाशने के लिए संबंधित इलाके के सीसी टीवी फुटेज खंगालने समेत अन्य कार्यवाही जारी है।










































