back to top

राजनांदगांव: जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के दिए निर्देश…

कलेक्टर को जनदर्शन में नागरिकों ने बताई अपनी समस्याएं
राजनांदगांव 31 दिसम्बर 2024। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न स्थानों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।

Advertisements

उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से जनसामान्य यहां आते हैं, उनकी समस्याओं का निराकरण करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित करना है। आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए कहा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया।


जनदर्शन में डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम भानपुरी निवासी श्रीमती उर्मिला बाई ने ऑनलाईन राजस्व रिकार्ड दुरूस्त करने के लिए आवेदन किया। ग्राम तोतलभर्री निवासी श्री संजय मंडावी ने स्थाई जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए आवेदन किया। डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अछोली के किसान श्री बुधरू राम ने अपनी कृषि भूमि का राजस्व विभाग के नक्शे में सुधार करने के लिए आवेदन किया। ग्राम मुड़पार निवासी श्री तुलाराम ठाकुर ने दिव्यांगता पेंशन के लिए आवेदन किया। इसी तरह जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने, नक्शा बटांकन, ऑनलाईन रिकार्ड दुरूस्त करने, आर्थिक सहायता, नजूल भूमि का पट्टा बनाने,

राशन कार्ड बनवाने, अतिक्रमण हटाने, विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभ दिलाने जैसे आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page