back to top

राजनांदगांव: जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश,बच्चों को पिलाई गई पोलियो ड्रॉप…


“पोलियो-मुक्त भारत की रक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी — ऋषि शास्त्री”

Advertisements

राजनांदगांव। राजीव नगर बसंतपुर क्षेत्र में पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को “दो बूंद ज़िंदगी की” पिलाई गई। इस अभियान में युवा नेता एवं पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री की सक्रिय उपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिन दीदियों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से बच्चों को पोलियो निरोधक दवा पिलाई गई।


इस अवसर पर पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान कोई साधारण सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की भावी पीढ़ी को सुरक्षित रखने का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1995 में “दो बूंद ज़िंदगी की” के संदेश के साथ शुरू हुआ यह अभियान, 1994 के दिल्ली मॉडल से प्रेरित था। निरंतर और ईमानदार प्रयासों के फलस्वरूप 27 मार्च 2014 को भारत को पोलियो-मुक्त घोषित किया गया, जो लाखों जमीनी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है।


उन्होंने कहा कि आज पोलियो-मुक्त होने के बावजूद लापरवाही सबसे बड़ा खतरा है। पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं, ऐसे में टीकाकरण और निगरानी में किसी भी प्रकार की ढिलाई वर्षों की उपलब्धि को खतरे में डाल सकती है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की कि पल्स पोलियो जैसे जनस्वास्थ्य अभियानों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और जमीनी स्तर पर संसाधनों की कोई कमी न रहने दी जाए


युवा नेता ऋषि शास्त्री ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे किसी भ्रम या अफवाह में न आएं और प्रत्येक चरण में अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों का सुरक्षित भविष्य और देश की सेहत की रक्षा राजनीति से ऊपर का विषय है, जिसमें हर जागरूक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

Advertisements

You cannot copy content of this page