राजनांदगांव : जिन स्कूलों के परिणाम 30% से कम वहां के शिक्षकों और प्राचार्यों पर कार्रवाई…

प्रदेश के शासकीय स्कूलों में 10वीं-12वीं के परिणाम सुधारने कई स्तर पर प्रयोग बीते वर्षों में किए गए हैं, लेकिन इस बार सख्ती बरतने की तैयारी है। जिन स्कूलों के परिणाम 30% से कम रहे हैं, वहां के शिक्षकों और प्राचार्यों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके पूर्व रिपोर्ट कार्ड तैयार होगा।

Advertisements

ये रिपोर्ट कार्ड परिणामों की विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा के बाद तैयार किया जाएगा। निर्धारित समय-सीमा से कम परिणाम वाले स्कूलों के शिक्षकों और प्राचार्यों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। यदि कारण निराकरण योग्य हुए तो उनका समाधान ढूंढा जाए। शिक्षकों और प्राचार्यों की लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने ऐसे विद्यालय की सूची कलेक्टर को सौंप दी है।

सूची के आधार पर स्कूलों की बैठक आयोजित कराने कहा गया है। इस सूची में जिले के सभी शासकीय विद्यालयों के प्रदर्शन का जिक्र है। उत्तीर्ण छात्रों के प्रतिशत के आधार पर इसे तैयार किया गया है। समीक्षा बैठक को गंभीरता से लेने कहा गया है। गौरतलब है कि अब तक बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा ही होती रही है। ऐसा पहली बार होगा, जब खराब परिणामों के लिए किसी प्राचार्य अथवा शिक्षक पर कार्रवाई की जाएगी।