
राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सैय्यद अफजल अली ने कहा प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल की युवा स्वरोजगार योजना को जन-जन तक पहंुचाने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, राजनांदगांव द्वारा दिनांक 5 दिसंबर को कार्यालय संयुक्त जिला भवन हॉल नंबर 1, कलेक्टर परिसर में विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत हितग्राहियो के प्रकरण तैयार करवाए गए। हितग्राहियों में विशेष उत्साह दिखा तथा बहुतायत संख्या में युवा शिविर का लाभ लेने पहुंचे थे। शिविर में हितग्रहियों को अवगत कराया गया कि व्यवसाय हेतु 2 लाख, सेवा हेतु 10 लाख एवं विनिर्माण हेतु 25 लाख तक के ऋण का प्रावधान है।
सामान्य वर्ग के हितग्रहियों को 10 प्रतिशत अनुदान, महिला-अन्य पिछड़ा वर्ग-अल्पसंख्यक-दिव्यांग हेतु 15 प्रतिशत अनुदान एवं अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति के हितग्राहियों के लिए 25 प्रतिशत के अनुदान का प्रावधान है।

व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सैय्यद अफजल अली ने कहा कि शिविर का उद्देश्य युवाओं को हर कठिन परिवेश में सकारात्मक सोच वाला बनाना है। युवाओं में साहस है तो उन्हें उचित मार्गदर्शन की आवश्कता है। श्री अफजल ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत जिन हितग्राहियों का ऋण प्रकरण बैंकों को प्रेषित किए गए हैं,
उन्हें ऋण प्रोग्राम स्वीकृति हेतु तैयारी जैसे प्रोजेक्ट रिपोर्ट की जानकारी उद्यम स्थापना के विभिन्न चरणों की जानकारी प्रभावी संप्रेक्षण कला को कैसे विकसित करें, अपने स्वयं की व्यवसाय की जानकारी को बैंकों में कैसे बताएं, आदि जानकारी हितग्राहियों को दी गई। शासकीय योजनाओं में बैंक की भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई। ये भी बताया गया कि बैंक खाते में लेन-देन नियंत्रण करते रहना चाहिए, जिससे ऋण लेने में आसानी हो सके।
सैय्यद अफजल ने कहा प्रदेश सरकार की योजनाओं को जिले के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहंुचाने हेतु जागरूकता मार्गदर्शन के माध्यम से शहर जिले के बेरोजगार युवाओं को स्व-रोजगार व व्यापार की मुख्यधारा से जोड़ने उनकी नेतृत्व क्षमता को विकसित करने के उद्देश्य से युवाओं को रोजगार से जोड़ने संबंधित कार्यक्रम लगातार कराए जा रहे है।









































