राजनांदगांव: जिलेभर में गांजा तस्करों पर पुलिस का धावा, अभियान रहेगा जारी…

राजनांदगांव पुलिस ने जिले में नशे के सौदागरों और गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की टीमों ने एक साथ कई क्षेत्रों में दबिश दी और संदिग्धों से पूछताछ की। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisements

जिले में अवैध नशे के कारोबार और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षकों वैशाली जैन व पुष्पेंद्र नायक के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

आज थाना कोतवाली पुलिस ने पुराना बस स्टैंड, गौरी नगर, टांकापारा और गंजचौक क्षेत्र में दबिश दी। वहीं, बसंतपुर पुलिस ने जमातपारा, नंदई, कोठारपारा, शिकारी मोहल्ला और अटल आवास सहित कई जगहों पर छापे मारे। लालबाग पुलिस ने पेण्ड्री अटल आवास और ट्रांसपोर्ट नगर में कार्रवाई की, जबकि चौकी चिखली पुलिस ने मोतीपुर, 16 खोली, गौरीनगर और शंकरपुर में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।

पुलिस टीमों ने गांजा तस्करों और नशे के सौदागरों के घरों की तलाशी ली और कई संदिग्धों से पूछताछ की। अधिकारियों ने साफ किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में नशे का कारोबार पूरी तरह समाप्त किया जा सके।