back to top

राजनांदगांव: फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ विवादों में, सर्व यादव समाज ने जताया विरोध, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन…

राजनांदगांव। फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ को अहीर समुदाय के लोग विरोध कर रहे हैं, क्योंकि उनका मानना है कि फिल्म में 1962 के भारत-चीन युद्ध की रेजांगला लड़ाई में शहीद हुए अहीर सैनिकों के बलिदान और बहादुरी को सही ढंग से नहीं दिखाया गया है और उन्हें उचित श्रेय नहीं दिया गया है.

Advertisements

छत्तीसगढ़ में यादव समाज ने आगामी फिल्म “120 बहादुर” के शीर्षक पर आपत्ति जताई है। समाज का कहना है कि 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला की लड़ाई में शहीद हुए 120 अहीर/यादव सैनिकों का सही उल्लेख किए बिना फिल्म बनाई जा रही है। इसी मांग को लेकर यादव समाज ने राज्यपाल के नाम राजनांदगांव अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

राजनांदगांव में यादव समाज ने आगामी फिल्म “120 बहादुर” का शीर्षक बदलने की मांग उठाई है।

सर्व यादव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश यादव का कहना है कि 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला मोर्चे पर 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 अहीर सैनिकों ने शहादत देकर देश की सीमा की रक्षा की थी। यह बलिदान इतिहास के साथ-साथ पूरे देश का गौरव है।

यादव समाज ने राज्यपाल के नाम अपर कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि फिल्म का शीर्षक संशोधित कर “120 वीर अहीर बहादुर” किया जाए, ताकि शहीद सैनिकों को उचित सम्मान मिल सके।

ज्ञापन में सेंसर बोर्ड और फिल्म निर्माताओं को निर्देशित करने, तथा समाज की भावनाओं का सम्मान करने की भी मांग की गई है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सर्व यादव समाज हरिश यादव सहित मेहेता यादव, दुर्गा यादव, राधेश्याम यादव और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page