back to top

राजनांदगांव : जिले में धान खरीदी का कार्य व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा…

राजनांदगांव 06 दिसम्बर 2021। जिले में धान खरीदी का कार्य व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। समितियों में किसानों को टोकन दिया जा रहा है तथा नवीन बारदाना, पीडीएस बारदाना एवं किसान बारदाना में धान की खरीदी की जा रही है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने धान खरीदी की व्यवस्था, कस्टम मिलिंग की अनुमति एवं अनुबंध की समीक्षा की।

उन्होंने कस्टम मिलिंग के लिए अनुबंध नहीं करने वाले मिलर्स के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खाद्य अधिकारी को समस्त अरवा मिलर्स का कस्टम मिलिंग के लिए अनुबंध कराया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केन्द्र में जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए। इसके लिए धान के उठाव कार्य में गति लाए।

कलेक्टर सिन्हा ने धान खरीदी केन्द्रों में पेयजल, छांव, प्रकाश, आद्र्रतामापी यंत्र, इंटरनेट कनेक्टीविटी, कम्प्यूटर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केन्द्रों में धान तौलाई के लिए कांटा-बांट आवश्यकतानुसार बढ़ा सकते हैं। धान की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के लिए तथा ड्रेनेज सिस्टम के लिए कहा। उन्होंने अन्य राज्यों से धान के अवैध परिवहन पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा।

उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से कोचियों द्वारा धान खपाने की आशंका बनी रहती है। इसके मद्देनजर सीमावर्ती बार्डर के चेकपोस्ट में कोचियों पर विशेष निगरानी रखें। कस्टम मिलिंग से संबंधित समस्याओं एवं कठिनाईयों के निराकरण के लिए कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663  राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष में दी जाएगी, जिसका समय-सीमा में निराकरण किया जाना है। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन के दौरान आनी वाली समस्याओं के निराकरण त्वरित गति से होना चाहिए। इसके लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखें।

Advertisements

You cannot copy content of this page