
राजनांदगांव 24 जुलाई 2026। जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन ने सफलता की नई इबारत लिखी है। डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अर्जुनी में लगभग 47 घर सोलर पैनल की ऊर्जा से जगमगा रहे हैं। ग्राम अर्जुनी पहुंचते ही दूर से दिखाई देने वाले रूफटॉप सोलर पैनल जनमानस की जागरूकता की मिसाल है।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए किए जा रहे कार्यों का असर दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के दूरगामी परिणाम दिखाई दे रहे है। जनमानस के बिजली बिल को सौर ऊर्जा के माध्यम से कम करने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में किसान एवं ग्रामवासियों में इस योजना अंतर्गत रूफ टॉप सोलर पैनल लगवाने में रूझान बढ़ा है। यही वजह है कि व्यापक पैमाने पर जनमानस इसे अपना रहे हैं। अजस्र ऊर्जा के प्राकृतिक स्रोत सूर्य से प्राप्त सौर ऊर्जा से न केवल बिजली का बिल शून्य हो रहा है, बल्कि अतिरिक्त विद्युत का उत्पादन कर उपभोक्ता ऊर्जादाता भी बन रहे हैं और अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर रहे हैं।
नवीन तकनीक का उपयोग कर प्राकृतिक ऊर्जा से विद्युत उत्पादन की यह तरकीब पर्यावरण मित्र भी है। जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 4 हजार 120 हितग्राहियों के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अर्जुनी के श्री संजय धनकर ने बताया कि उनका बिजली का बिल 4 से 5 हजार रूपए आ रहा था। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने सोलर पैनल लगवाया। जिसके बाद अब बिजली का बिल शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि सब्सिडी की राशि भी बैंक खाते में आ गई है।
उन्होंने सभी से आग्रह किया है कि अपने घर में सोलर पैनल लगाकर बिजली के बिल से मुक्ति पाएं। उन्होंने इस महती योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद ज्ञापित किया है। ग्राम अर्जुनी के ही श्री चंद्रशेखर कैशिक ने बताया कि शिविर के माध्यम से उन्हें योजना की जानकारी मिली, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने 3 किलो वॉट का सोलर पैनल लगवाया है, जिससे फायदा मिल रहा है।
ग्राम की सरपंच श्रीमती ललिता साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बड़ी संख्या में ग्रामीण लाभान्वित हो रहे हैं। श्री भावेश साहू ने बताया कि इस योजना के तहत बिजली बिल में कमी आयी है और बचत हुई है।
श्रीमती चंद्रकला सोनकर ने कहा कि सौर ऊर्जा से बहुत फायदा मिला है। पहले बिजली का बिल बहुत आता था। अब सोलर पैनल लगने से बिजली का बिल शून्य हो गया है। उन्होंने सभी से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने का आग्रह किया।










































