back to top

राजनांदगांव: जिले में भी कोरोना टीका करण शुरू हुआ, सर्वप्रथम डॉ पुखराज बाफाना को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया…

 राजनांदगांव- कोरोना महामारी से निपटने के लिए भारतीय चिकित्सा वैज्ञानिकों के द्वारा बनाए गए कोविशील्ड वैक्सीन को भारत सरकार ने मंजूरी दी और 16 जनवरी से देशव्यापी कोरोना टीकाकरण की शुरुआत कर दी गई है। राजनांदगांव जिले में भी चार टीकाकरण केंद्र बनाकर कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। जिसके तहत राजनंदगांव में सर्वप्रथम मातृ एवं शिशु अस्पताल परिसर में बनाए गए टीकाकरण केंद्र में वरिष्ठ चिकित्सक शिशु रोग विशेषज्ञ पद्मश्री डॉ पुखराज बाफना को कोरोना से बचाव का टीका  लगाया गया। टीकाकरण के बाद पद्मश्री डॉ पुखराज बाफना ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि आज टीकाकरण की शुरुआत उनसे हुई है। पद्मश्री डॉ पुखराज बाफना ने कहा कि यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित है और इस टीके से कोरोना के खिलाफ लड़ी जा रही जंग की समाप्ति होगी। 

Advertisements

कोरोना टीकाकरण के लिए एक केंद्र में प्रतिदिन 100 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए उन्हें मोबाइल फोन पर टीकाकरण सेंटर की जानकारी और समय मैसेज किया जा रहा है। मैसेज के आधार पर आज स्वास्थ्य कर्मी टीका लगवाने टीकाकरण केंद्र तक पहुंचे, जहां उन्होंने अपने नाम का सत्यापन कराया और इसके बाद उनका टीकाकरण किया गया। टीकाकरण पश्चात आधे घंटे तक निगरानी कक्ष में उन्हें बैठाया गया।  टीकाकरण की शुरुआत के वक्त राजनांदगांव कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा और  संयुक्त संचालक स्वास्थ्य संचालनालय  सुभाष मिश्रा भी टीकाकरण केंद्र में मौजूद रहे।

इस दौरान राजनांदगांव कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने कहा कि इस टीकाकरण की भ्रांतियों को दूर करने उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सक पद्मश्री पुखराज बाफना से सर्वप्रथम टीका लगाने का आग्रह किया था जिस पर उन्होंने अपनी सहमति दी और आज उन्हें सर्वप्रथम टीका लगाकर इस टीकाकरण के अभियान की शुरुआत की गई है। वहीं स्वास्थ्य संचालनालय के संयुक्त संचालक सुभाष मिश्रा ने कहा कि टीकाकरण के बाद भी  हम सभी को कोरोना प्रोटोकाल  का उसी तरह पालन करना है जिस तरह अब तक सभी करते आये हैं। 

राजनांदगांव जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोमनी और राजनांदगांव शहर के कोविड-19 अस्पताल पेंड्री एवं मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर राजनांदगांव के इन 4 सेंटरों में टीकाकरण किया जा रहा है। कोरोना टीका का पहला डोज़ लगने के 28 दिनों बाद दूसरा डोज़ दिया जाएगा। जिसके लिए टीकाकरण कार्ड भी बनाया गया है। कोरोना महामारी के बीच टीकाकरण से प्रथम पंक्ति पर कोरोना सहित अन्य मरीजों का उपचार कर रहे चिकित्सकों के साथ मरीजों को भी सुविधा मिलेगी और कोरोना का भय भी खत्म होगा। राजनांदगांव जिले में इस कोरोना महामारी से अब तक 19 हजार से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 179 लोगों ने अपनी जान भी गंवा दी है, ऐसे में अब कोरोना से बचाव के इस टीकाकरण से इस महामारी के खात्मे के साथ ही सब कुछ पहले की तरह ही सामान्य होने की उम्मीद की जा रही है।

Advertisements

You cannot copy content of this page