back to top

राजनांदगांव : डोंगरगढ़ में ट्रैक्टर बैटरी चुराकर बेचने वाला गैंग गिरफ्तार, 7 आरोपी सलाखों के पीछे…

राजनांदगांव पुलिस ने अंतरजिला ट्रैक्टर बैटरी चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 ट्रैक्टर बैटरियां, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 1 लाख 35 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। आरोपियों ने राजनांदगांव और डोंगरगढ़ क्षेत्र के कई गांवों में ट्रैक्टर बैटरी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर सेल और तुमड़ीबोड़ चौकी पुलिस ने यह कार्रवाई की। मामला उस समय सामने आया जब ग्राम सांगिनकछार निवासी परमेन्द्र कुमार सिन्हा ने अपने ट्रैक्टर और पास में खड़े दूसरे ट्रैक्टर से बैटरी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और पूछताछ के आधार पर चोरी की बैटरियों की खरीद-बिक्री की पूरी श्रृंखला का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि गिरोह ने तिलईरवार, विचारपुर नवागांव, सांगिनकछार, भंडारपुर, मेढ़ा, पटपर और धौराभाठा सहित विभिन्न गांवों में सड़क किनारे और कोठारों में खड़े ट्रैक्टरों से कुल 12 बैटरियां चोरी की थीं।

Advertisements


पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चोरी की सभी 12 बैटरियां, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा बैटरियों की बिक्री से प्राप्त 8 हजार रुपये नकद बरामद किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके विरुद्ध पहले से भी संपत्ति संबंधी कई मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।

Advertisements

You cannot copy content of this page