राजनांदगांव/डोंगरगांव : न. पं.अध्यक्ष हीरा निषाद ने मानवता की मिसाल पेश की, बेसहारा बुजुर्ग का करवाया अंतिम संस्कार…

राजनांदगांव/डोंगरगांव । नगर पंचायत अध्यक्ष हीरा निषाद ने एक बार पुनः सहृदयता और मानवता की मिसाल प्रस्तुत करते हुए उल्लेखनीय कार्य किया है।

Advertisements

उन्होंने आज एक बेसहारा बुजुर्ग के निधन पर न सिर्फ उनके अंतिम क्रिया की व्यवस्था की वरन मुक्तिधाम तक ले जाने के लिए वाहन भी उपलब्ध कराया।

जानकारी के अनुसार नगर के अटल आवास निवासी बुजुर्ग दलब सिंह ठाकुर की बीती रात्रि मौत हो गई। रोज की तरह सुबह जब वे नहीं दिखे तो पड़ोसियों के पता करने पर वे बिस्तर में मृत अवस्था में पड़े थे। वर्तमान में चल रहे कोरोना महामारी के कारण पड़ोसी और मुहल्लेवासी उनके अंतिम संस्कार आदि से पीछे हट गए।

ऐसे में नगर पंचायत अध्यक्ष हीरा निषाद को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद उन्होंने बुजुर्ग के अंतिम क्रिया का बीड़ा उठाया । ज्ञात हो कि अकेले रहने वाले दलब सिंह के बच्चे बाहर कहीं रहते हैं, उन्हें सूचना दी गई, परन्तु लॉकडाउन के कारण इतनी जल्दी घर पहुंचना सम्भव नहीं था।

इस परिस्थिति के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने तत्काल नगर पंचायत की टीम को सक्रिय किया और स्वयं सारी व्यवस्था की। हालांकि बुजुर्ग की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया था, इसलिए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अध्यक्ष ने बुजुर्ग का अंतिम संस्कार करवाया ।

स्थानीय मुक्तिधाम में नगर पंचायत की टीम ने मानवता दिखाते हुए बुजुर्ग के सारे क्रियाकर्म सम्पादित कर शव को सद्गति दी। अध्यक्ष हीरा निषाद के सहृदयता की अटल आवास के निवासियों ने प्रशंसा करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है ।