
राजनांदगांव,। जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालबाग पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाबे की आड़ में शराब बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19.260 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 10,260 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 जून को सूचना मिली कि रेवाडीह स्थित पायल ढाबा के पीछे अवैध रूप से शराब का भंडारण कर बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार और थाना लालबाग प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। जांच के दौरान ढाबे के पीछे से 75 पौवा शेरा प्लेन, 25 पौवा गोल्डन गोवा तथा 7 पौवा मैकडॉवेल नंबर-1 ब्रांड की शराब बरामद की गई।
मामले में पुलिस ने अशोक तेजवानी (64 वर्ष), निवासी नंदई नाका बसंतपुर तथा शत्रुघन यादव (40 वर्ष), निवासी गौरी नगर चिखली को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ थाना लालबाग में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।










































