
राजनांदगांव। थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या का प्रयास व लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू, मोटर सायकल, एक रेडमी मोबाइल फोन व नगदी रकम 400 रुपये जप्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को प्रार्थी प्रमोद तुरकने ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 अगस्त की रात करीब 2.30 बजे वह अपने साथी दीप बाम्हण के साथ मोटर सायकल से सुंदरा जा रहा था। इस दौरान महावीर ग्रुप बायपास रोड के पास आदतन बदमाश विशाल बांसफोड़ अपने दो साथियों के साथ रास्ता रोककर गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर विशाल ने नुकीले धारदार हथियार से जान से मारने की नीयत से सिर, पीठ, गाल, हाथ और पेट पर वार किए। वहीं, उसके साथियों ने भी मारपीट कर 400 रुपये नगद और 12 हजार रुपये कीमत का रेडमी मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी विशाल बांसफोड़ (19 वर्ष), राहुल चौहान (18 वर्ष) और एक नाबालिग को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिनके पास से मोटर सायकल, लोहे का चाकू, मोबाइल फोन व नगदी रकम बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों को 25 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल किया गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक बलदाऊ चंद्राकर, प्रधान आरक्षक संदीप चौहान, जी. सिरील कुमार, मिलन साहू, आरक्षक राम खिलावन सिन्हा, प्रियांष सिंह सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।









































