back to top

राजनांदगांव: दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण के साथ आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के होंगे प्रयास – विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह…


विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह नि:शुल्क विशाल दिव्यांग कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुए शामिल
राजनांदगांव 29 सितम्बर 2026। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज राजनांदगांव के जैन बगीचा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित नि:शुल्क विशाल दिव्यांग कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। शिविर में चिन्हांकित दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इनमें बैसाखी, ट्राईसाइकिल, कैलिपर्स, कृत्रिम हाथ-पैर, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, वॉकर सहित अन्य उपकरण शामिल हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।


विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शिविर से लाभान्वित दिव्यांगजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर तथा अखिल भारतीय जैन संगठन राजनांदगांव सहित सभी सहयोगी संस्थाओं ने मिलकर दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि शिविर के माध्यम से राजनांदगांव जिले के 600 से अधिक दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जा रहा है। डोंगरगांव, छुरिया, डोंगरगढ़ और राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों के 250 से अधिक दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, कैलिपर्स, बैसाखी, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर सहित आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि शिविर में ऐसे दिव्यांगजनों को भी लाभ मिला है, जिनके घुटने के नीचे अथवा ऊपर तक पैर प्रभावित हैं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि सहायक उपकरण मिलने के बाद दिव्यांगजन अधिक सक्रियता से अपने दैनिक कार्य कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केवल सहायक उपकरण उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोडऩे के लिए भी आवश्यक सहयोग दिया जाना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से ऐसे दिव्यांगजनों को छोटे व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने कहा। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर भी इसके लिए आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।


जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय और सेवा भावना से प्रेरित है। जैन समाज सदैव सेवा भाव को प्राथमिकता देते हुए समाज के जरूरतमंद वर्गों के सहयोग के लिए आगे रहा है। आज के शिविर में सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और उमंग का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के डोंगरगढ़, डोंगरगांव, छुरिया और राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में दिव्यांगजनों के लिए शिविर आयोजित कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों से कहा कि वे कभी निराश न हों। उपलब्ध कराए गए सहायक उपकरण उनके जीवन को अधिक सुगम और सक्रिय बनाने में सहायक होंगे। उन्होंने सभी दिव्यांगजनों को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे की शुभकामनाएं दी।


पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह ने शिविर के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर, अखिल भारतीय जैन संगठन राजनांदगांव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के जीवन की कठिनाइयों को कम करने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह शिविर सेवा और सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह ने कहा कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सेवा एवं जनकल्याण के अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में दिव्यांगजनों के लिए आयोजित यह शिविर भी सेवा भावना का महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले में सामाजिक सहभागिता के साथ इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहें और जरूरतमंदों को सहायता एवं सहयोग मिलता रहे, यही सभी की मंगलकामना है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों को पुन: बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभाव से अवगत कराते हुए नशामुक्ति का संदेश एवं संकल्प वाचन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री भावेश बैद, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, एसडीएम श्री गौतम पाटिल, उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरडवार, जयपुर से आई भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति एवं अखिल भारतीय जैन संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और दिव्यांगजन उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page