
थाना सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई

राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गए चांदी के जेवरात, जिनकी कीमत करीब 65 हजार रुपये है, बरामद किए गए हैं।
प्रकरण 24 से 26 सितंबर के बीच का है। प्रार्थिया सपना गोलछा, निवासी तेलीपारा, आजाद चौक राजनांदगांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान गोलछा वस्त्रालय एवं ज्वेलर्स (गुड़ाखु लाइन, राजनांदगांव) से चांदी के विभिन्न आभूषण व 15 हजार रुपये नगद सहित कुल 1.65 लाख रुपये का सामान अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मुखबिर की सूचना और फुटेज के आधार पर संदेही गणेश राजपूत (36 वर्ष), निवासी कृष्णा टॉकिज के पास, सिनेमा लाइन, राजनांदगांव को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राजेंद्र राजपूत के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से करीब 65 हजार रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण जब्त किए गए। बाकी सामान और नगदी उसके साथी के पास होना बताया गया है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपी गणेश राजपूत को विधिवत गिरफ्तार कर 27 सितंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारी/कर्मचारी:
थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, प्रआर शम्भूनाथ द्विवेदी, आरक्षक राम खिलावन सिन्हा, प्रांश सिंह, रंजीत चौरसिया सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।









































