
राजनांदगांव शहर में जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र मोहला मानपूर के नक्सल पीड़ित परिवार के लोगों ने रैली निकाली और राज्य शासन के द्वारा बनाए गए पुनर्वास नीति का लाभ नहीं मिलने का आरोप लगाया। नक्सल पीड़ित परिवारों का कहना है कि नक्सली हिंसा में किसी ने अपने भाई को खोया तो किसी ने अपने पिता को, लेकिन अब तक उन्हें न मकान मिला न जमीन मिली ना बच्चों को छात्रवृत्ति मिली, न आर्थिक सहायता मिली और ना ही नौकरी मिली। नक्सल पीड़ित परिवार के लोगों ने कहा कि कई बार आवेदन निवेदन किया जा चुका है लेकिन उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ अब तक नहीं मिला है।

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ , मोहला, मानपुर, चौकी, छुरिया क्षेत्र के बड़ी संख्या में नक्सल पीड़ित परिवार राजनंदगांव शहर में पहुंचे थे। यहां उन्होंने शहर के विभिन्न मार्गो में रैली निकाली और कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने बैठकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान नक्सल पीड़ित परिवारों ने शासन के द्वारा बनाए गए पुनर्वास नीति का लाभ नहीं मिलने का आरोप भी लगाया है और राज्य शासन से पुनर्वास नीति के तहत सहायता देने की मांग की है।









































