राजनांदगांव : नगर निगम गणेश उत्सव प्रतियोगिता: आवेदन की 4 सितम्बर को अंतिम तिथि…

राजनांदगांव 29 अगस्त। नगर निगम द्वारा शहर की सांस्कृतिक परंपरा में अग्रणी गणेश उत्सव पर विसर्जन झांकी एवं सर्वश्रेष्ठ गण्ेश प्रतिमा प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व वर्षो की परंपरानुसार किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 4 सितम्बर गुरूवार निर्धारित की गई है।
महापौर श्री मधुसूदन यादव एवं निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा परंपरानुसार इस वर्ष भी गणेश पर्व प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क होगी तथा सहभागिता के लिए आवेदन जमा करने नगर निगम के अधीक्षक कार्यालय में अंतिम तिथि 4 सितम्बर गुरूवार शाम 05ः00 बजे तक निर्धारित की गई है।


प्रतियोगिता के संबंध में महापौर श्री यादव एवं आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा विसर्जन झांकी प्रतियोगिता दो वर्गो सीनियर व जूनियर वर्ग में आयोजित की जायेगी,जबकि सर्वश्रेष्ठ गणेश प्रतिमा प्रतियोगिता खुले वर्ग में आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि प्रतिभागी समिति आवेदन पत्र में प्रतिभागी वर्ग का नाम, समिति का पता,पदाधिकारियों का नाम व मोबाईल नम्बर तथा झाकी के कथानक का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिये। महापौर श्री यादव एवं आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने गणेश उत्सव समितियों से उक्त प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है।