
राजनांदगांव 6 जुलाई। नगर निगम द्वारा नया बस स्टैण्ड के पास मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत दुकानों का निर्माण किया गया है। जिसे विधिवत प्रक्रिया कर हितग्राहियों को आबंटित किया गया है। उक्त आबंटित दुकानों में से दुकान क्रं. 1, 10 व 11 में कुछ लोगों के द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था, इस संबंध में निगम के राजस्व विभाग द्वारा कब्जा हटाने नोटिस जारी किया गया था।

नोटिस उपरांत भी संबंधितों द्वारा दुकान खाली नहीं किया गया था, आबंटित दुकानदारों द्वारा भी इस संबंध में लिखित शिकायत भी की गयी थी। नोटिस उपरांत दुकान से कब्जा नहीं हटाने पर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के निर्देश पर सहायक अभियंता श्री दीपक अग्रवाल,
राजस्व निरीक्षक श्री हितेश ठाकुर, राजस्व उप निरीक्षक श्री राजकुमार बंजारे व श्री पंकज साहू द्वारा पुलिस प्रशासन के साथ कब्जारत 3 दुकानों में ताला लगाकर सील बंद करने की कार्यवाही की गयी। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इसी प्रकार कमला कालेज के पास निर्मित दुकानों से भी अवैध कब्जा हटाया गया था। अन्य कब्जारत दुकानों में भी सील बंदी की कार्यवाही की जावेगी।









































