back to top

राजनांदगांव: नवजात की मौत के मामले में कांग्रेस के युवाओं का जोरदार प्रदर्शन, स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका…

अभिमन्यु उदय मिश्रा, संदीप सोनी, हर्ष खोबरागड़े, ऋषि शास्त्री सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की भी मांग की

Advertisements

राजनांदगांव। जिला अस्पताल बसंतपुर में नवजात शिशु की मौत के मामले को लेकर आज कांग्रेस के युवाओं ने अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने जोरदार प्रदर्शन करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “विष्णुदेव साय मुर्दाबाद”, “श्याम बिहारी जायसवाल मुर्दाबाद” और “डॉ. रमन सिंह मुर्दाबाद” के जमकर नारे लगाए तथा स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की।


कांग्रेस के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा, युवा कांग्रेस नेता संदीप सोनी, ऋषि शास्त्री, हर्ष खोबरागड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं युवा इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस नेताओं ने जिला अस्पताल के अधिकारी को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।


इस अवसर पर अभिमन्यु उदय मिश्रा ने कहा कि जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और समय पर उपचार मिलना उनका अधिकार है, लेकिन लगातार सामने आ रही लापरवाही की घटनाएं प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नवजात शिशु के मामले में ब्लड रिपोर्ट आने में हुई देरी के कारण ऑपरेशन में विलंब हुआ और एक स्वस्थ बच्चे की जान चली गई। यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर विफलता का मामला है।
संदीप सोनी ने कहा कि कुछ दिन पहले करुणा बांसफोड़ की मृत्यु के मामले में भी हमारे द्वारा जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई थी, जिसके बाद कार्रवाई हुई। इसके बावजूद जिला अस्पताल में लापरवाही के मामले लगातार सामने आना बेहद चिंताजनक है।


ऋषि शास्त्री ने कहा कि कांग्रेस यह कतई बर्दाश्त नहीं करेगी कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ होता रहे और जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से बचते रहें।
हर्ष खोबरागड़े ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। सभी ने एक स्वर में कहा कि सरकार को केवल घोषणाओं और प्रचार से बाहर निकलकर अस्पतालों की वास्तविक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। अस्पतालों में डॉक्टर, स्टाफ, जांच और उपचार की व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।


कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में जिला अस्पताल में लापरवाही के कारण किसी मरीज या नवजात की जान जाती है अथवा ऐसी घटना दोबारा सामने आती है, तो कांग्रेस युवा कार्यकर्ता उग्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की होगी।


कांग्रेस ने मांग की है कि नवजात की मृत्यु के पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, ब्लड रिपोर्ट में देरी और ऑपरेशन में विलंब के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो उक्त मौके पर कांग्रेस के युवा नेताओं के साथ मयंक शुक्ला, प्रथम हरिहरणो, निमेष देशलहरे, करण साहू, सौरभ, विकास यादव, प्रशांत सिन्हा आदि युवा उपस्थित रहे ।

Advertisements

You cannot copy content of this page