
राजनांदगांव डोंगरगढ़। दिनांक 22 सितम्बर से 01 अक्टूबर 2025 तक मनाए जा रहे क्वांर नवरात्रि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां बम्लेश्वरी के दर्शन हेतु डोंगरगढ़ पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है।

पदयात्रियों को दुर्घटना से बचाने हेतु पदयात्री मार्ग में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उनके बैग पर रेडियम लगा रहे हैं। यह रेडियम वाहनों की रोशनी पड़ते ही चमकता है, जिससे पैदल यात्री दूर से ही दिखाई देने लगते हैं और दुर्घटना की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है।

इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंजोरा बायपास से रामदरबार तक दाहिनी ओर का मार्ग पदयात्रियों के लिए आरक्षित किया गया है। पूरे मार्ग में पुलिस बल की मौजूदगी से यातायात सुरक्षित एवं सुगमता से संचालित हो रहा है। वहीं, एकतरफा (वन-वे) व्यवस्था लागू कर सभी हल्के एवं भारी वाहनों को बायीं ओर रायपुर–नागपुर मार्ग पर चलाया जा रहा है।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नवरात्रि पर्व के दौरान अपने वाहन तेज गति से न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और पदयात्रियों की सुरक्षा में सहयोग दें।









































