back to top

राजनांदगांव : पटरी पार इलाके में बिजली जोन कार्यालय जल्द से जल्द खोलने की मांग, लोगों को फॉल्ट सुधार में देरी से भारी परेशानी…


० बिजली गुल, लो-वोल्टेज और स्टाफ की कमी से परेशान जनता, कांग्रेस नेता आसिफ अली ने उठाई आवाज
राजनांदगांव। पटरी पार क्षेत्र में रह रहे लोगों को बिजली कटौती, लो वोल्टेज और फॉल्ट सुधार में देरी जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। बिजली समस्या से हलाकान जनता की पीड़ा को कांग्रेस के उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष आसिफ अली ने स्वर देते हुए जल्द से जल्द बिजली कंपनी का जोन कार्यालय पटरी पार में खोलने की मांग की है।

Advertisements


आसिफ अली ने कहा कि पटरी पार इलाकों में अक्सर बिजली की आंख-मिचौनी बनी रहती है। फॉल्ट या हादसे की सूचना देने पर बिजली विभाग का फोन नहीं उठता, और यदि उठता भी है तो स्टाफ की कमी का हवाला देकर टीम को भेजने में देरी की जाती है। नतीजतन क्षेत्र के लोगों को घंटों तक अंधेरे और गर्मी में रहना पड़ता है।


उन्होंने कहा कि सीमित कर्मचारियों के जिम्मे पूरा क्षेत्र होने के कारण शिकायत मिलने के बाद भी सुधार कार्य में घंटों का विलंब होता है। खासकर बारिश और गर्मी के मौसम में हालात और भी बिगड़ जाते हैं। बिजली जाने से घरों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई, व्यापारी वर्ग और छोटे उद्योगों का कामकाज भी प्रभावित होता है।


हालांकि, आसिफ अली ने यह भी कहा कि चिखली सब स्टेशन में एटीपी मशीन लगने से बिजली बिल भुगतान में राहत मिली है। अब लोगों को कैलाश नगर या लालबाग नहीं जाना पड़ता। इसी तरह यदि पटरी पार में बिजली जोन कार्यालय खोल दिया जाए और पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था हो, तो बिजली सुधार कार्य में तेजी आएगी और लोगों को राहत मिलेगी।

आसिफ अली ने बताया कि यह मांग जनता की परेशानी को ध्यान में रखते हुए की गई है, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने बिजलीकंपनी से जल्द निर्णय लेने की अपील की है।

Advertisements

You cannot copy content of this page