back to top

राजनांदगांव: नवरात्रि से पहले रेलवे स्टेशन सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित…

राजनांदगांव। आगामी नवरात्रि पर्व एवं रेलवे क्षेत्र में बढ़ते अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री बालाजी राव (भापुसे) ने रेलवे सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

Advertisements


बैठक में मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित पंजीबद्ध अपराधों की समीक्षा करते हुए ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए प्रभावी उपायों पर विचार किया गया। ट्रेनों में चोरी एवं लूट की घटनाओं, आरोपियों द्वारा अपनाए जा रहे तरीकों तथा इन पर अंकुश लगाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। रेलवे स्टेशन परिसरों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और उनकी मॉनिटरिंग व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।


आईजी श्री राव ने आगामी नवरात्रि पर्व के दौरान डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था, प्लेटफॉर्म पेट्रोलिंग, रेलवे ट्रैक एवं आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा ट्रेनों में असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।


बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एआईजी गीता वाधवानी, आरपीएफ थाना प्रभारी श्रीमती तरुणा साहू, जीआरपी थाना प्रभारी श्रीमती दया कुर्रे, थाना प्रभारी कोतवाली नंद किशोर गौतम, थाना प्रभारी सोमनी अरुण नामदेव, थाना प्रभारी लालबाग रमेश पटेल, थाना प्रभारी बोरतालाव अवनीश श्रीवास, चौकी प्रभारी चिखली कैलाश मरई, चौकी प्रभारी तुमड़ीबोड़ दिलीप पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page