राजनांदगांव: नववर्ष के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने होटल, ढाबा, लॉज एवं रिसॉर्ट संचालकों की बैठक आयोजित…

पुलिस- पब्लिक जनसहभागिता से-
नव वर्ष का एक ही लक्ष्य-
“ज़ीरो घटना- ज़ीरो दुर्घटना”-

Advertisements

राजनांदगांव। नववर्ष 2026 के अवसर पर जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जनसंवाद कक्ष में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन द्वारा होटल, ढाबा, लॉज एवं रिसॉर्ट संचालकों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी संचालकों को निर्देशित किया गया कि नववर्ष की पूर्व संध्या एवं नववर्ष के दिन अपने-अपने संस्थानों में उचित पार्किंग व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित रखें। साथ ही नववर्ष समारोह अथवा पार्टी के दौरान मानक के अनुरूप साउंड सिस्टम का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए, अन्यथा कोलाहल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही किए जाने की चेतावनी दी गई।
सभी होटल, ढाबा, लॉज एवं रिसॉर्ट संचालकों को रात्रि में निर्धारित समय तक संस्थान बंद करने के निर्देश दिए गए। होटल, लॉज एवं रिसॉर्ट में नाबालिग जोड़ों को कमरा उपलब्ध न कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। चेकिंग के दौरान उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
इसके अतिरिक्त होटल, लॉज एवं रिसॉर्ट में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान पत्र एवं मोबाइल नंबर लेकर रजिस्टर संधारित करने हेतु निर्देशित किया गया। अपने संस्थानों में शराब पिलाने अथवा शराब उपलब्ध कराने की स्थिति में संबंधित संचालकों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों द्वारा सभी संचालकों से अपील की गई कि नववर्ष को शांतिपूर्ण, मर्यादित एवं कानून के दायरे में मनाने में पुलिस प्रशासन को सहयोग करें। बैठक में उपस्थित होटल, ढाबा, लॉज एवं रिसॉर्ट संचालकों द्वारा नववर्ष के दौरान सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु दिए गए निर्देशों का पालन करने पर सहमति व्यक्त की गई तथा पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया गया।

बैठक में श्री आदित्य कुमार (भा.पु.से.), थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्री नंदकिशोर गौतम, थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक श्री एमन साहू, थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक श्री अरुण नामदेव, सायबर सेल से सउनि श्री द्वारिका प्रसाद लाउत्रे सहित कुल 61 होटल, ढाबा, लॉज एवं रिसॉर्ट संचालक उपस्थित थे।

जिला पुलिस द्वारा नववर्ष के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत निगरानी एवं प्रभावी पुलिसिंग की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नववर्ष हेल्पलाइन नंबर 9479246435 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479192199 पर देने की अपील की गई है।
राजनांदगांव पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सदैव सतर्क है।