
राजनांदगांव। जिले की पुलिस चौकी सुरगी ने कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले एक युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जिला जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भर्रेगांव निवासी बालकृष्ण पटेल ने चौकी सुरगी में शिकायत दर्ज कराई कि उसका भाई भोज कुमार पटेल (30 वर्ष) पिछले सात दिनों से नशे की हालत में घर में लगातार विवाद और झगड़ा कर रहा है। घटना वाले दिन भी उसने परिवार के सदस्यों के साथ विवाद कर माहौल बिगाड़ दिया।
शिकायत मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच की। पूछताछ में पाया गया कि भोज कुमार पटेल नशे का आदी है तथा उसके व्यवहार से क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग होने और संज्ञेय अपराध की आशंका बनी हुई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भोज कुमार पटेल के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया।
इसके बाद धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगाशा तैयार कर उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, राजनांदगांव के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जिला जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस ने कहा है कि कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।










































