राजनांदगांव: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में युवक गिरफ्तार, सिटी कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल…

राजनांदगांव की सिटी कोतवाली पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में 20 वर्षीय युवक अंशु नेताम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को पीड़िता की मां ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंचनबाग निवासी अंशु नेताम 14 फरवरी 2026 को उनकी नाबालिग बेटी को अपने साथ ले गया।

आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर कई महीनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत में यह भी कहा गया कि इस दौरान आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट की और बाद में उसे राजनांदगांव में छोड़ दिया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के निर्देशन में थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश की। 20 जुलाई को आरोपी अंशु नेताम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।