
राजनांदगांव। नौकरी लगाने का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म एवं यौन शोषण करने के आरोप में डोंगरगढ़ पुलिस ने 52 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी पर पीड़िता को नशीला पदार्थ देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट करने, पीछा करने, अश्लील फोटो एवं वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 13 अक्टूबर 2026 को थाना डोंगरगढ़ पहुंचकर आरोपी भारत भूषण मेश्राम के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने नौकरी लगाने का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और उसका यौन शोषण किया। इसके अलावा नशीला पदार्थ देकर यौन उत्पीड़न करने, मारपीट करने, अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 609/2026 के तहत धारा 64(2)(m), 296, 351(3) एवं 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख ने पुलिस टीम के साथ आरोपी की पतासाजी शुरू की। पुलिस ने आरोपी भारत भूषण मेश्राम (52 वर्ष), निवासी थाना चौक, डोंगरगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। मामले में डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।










































