
राजनांदगांव। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पराक्रम दिवस के अवसर पर आज पूरा राष्ट्र उन्हें नमन कर रहा है और उनके पराक्रम, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। इसी कड़ी में राजनांदगांव जिले के विजन कंप्यूटर एजुकेशन में एक संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन कर नेताजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके जीवन संघर्ष, आज़ाद हिंद फौज की स्थापना तथा “जय हिंद” और “दिल्ली चलो” जैसे नारों की ऐतिहासिक भूमिका पर विचार रखे।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य तेजस्वी वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत (MY Bharat), राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नेताजी सुभाषचंद्र बोस के त्याग, साहस, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति से प्रेरित करना तथा उनके विचारों को वर्तमान पीढ़ी तक पहुँचाना रहा।
विजन कंप्यूटर एजुकेशन के संचालक लोकेश रजक ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस का जीवन युवाओं के लिए अद्भुत प्रेरणा है। उनका पराक्रम, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति आज की पीढ़ी को सही दिशा दिखाता है। मेरा युवा भारत कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता का भाव विकसित होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने कहा कि नेताजी का जीवन आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनका संदेश एकता, अनुशासन और बलिदान आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
इस अवसर पर एड्स (HIV) जागरूकता विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजन कंप्यूटर एजुकेशन संस्थान के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान चांदनी संग्रामे, द्वितीय स्थान पूर्णिमा मानिकपुरी तथा तृतीय स्थान नीलम ठाकुर को प्राप्त हुआ। सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप कैप एवं पेन प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में विजन कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर के संचालक लोकेश रजक, शाखा प्रबंधक भूमिका देवांगन, नंदनी विश्वकर्मा, वेपेंद्र वर्मा, तूलिका समरित, शगुफ्ता मैडम सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









































