राजनांदगांव : पुलिस का सर्चिंग ऑपरेशन जारी अंबाटोला जंगल में हुई मुठभेड़ फायरिंग के बाद भागे नक्सली…

राजनांदगांव : जिले के बॉर्डर से लगे साल्हेकसा इलाके में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ हो गई। करीब घंटेभर तक दोनों ओर से गोलियां चलती रही। इसके बाद नक्सली जंगल के रास्तों के सहारे भाग निकले। इलाके में फोर्स का सर्चिंग ऑपरेशन अब भी जारी है।

Advertisements

साल्हेकसा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें अंबाटोला के जंगल में नक्सलियों के मौजूदगी की सूचना मिली थी। सभी नक्सली दर्रेकसा दलम व प्लाटून नंबर 55 के बताए गए। जानकारी मिलते ही गोंदिया पुलिस की टीम व विशेष दस्ता सर्चिंग के लिए जंगल में पहुंचा। जहां मौजूद नक्सलियों को पहले फोर्स के जवानों ने सरेंडर करने की बात कही।

लेकिन नक्सलियों ने उल्टे पुलिस पर फायरिंग शुरु कर दी। पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। सुबह 8 बजे हुई मुठभेड़ करीब घंटेभर तक चलती रही। इस दौरान नक्सली फोर्स को भारी पड़ता देख जंगल के रास्तों से भाग निकले। पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ में कुछ नक्सली घायल हुए हैं, जिनकी तलाश में आसपास के हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

बढ़ती जा रही हरकत, सभी हिस्सों में ऑपरेशन तेज
नक्सलियों की हरकत लगातार बढ़ती जा रही है। मानपुर से लेकर बोरतलाव और अब साल्हेकसा इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी पुलिस को परेशान करने वाली है। लंबे समय से इन हिस्सों में नक्सल गतिविधियां नियंत्रित थी। लेकिन अचानक फिर नक्सलियों ने खुद को मजबूत करना शुरु कर दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जंगल में जो नक्सली मौजूद थे, वे सभी वर्दीधारी थे। किसी घटना को अंजाम देने की योजना के साथ ही इलाके में जुटे हुए थें। जिले के सभी बॉर्डर के जंगलों में फोर्स का सर्चिंग अभियान तेजी से जारी है।

SOURCE : bhaskar.com