राजनांदगांव। बसंतपुर क्षेत्र के सर्किट हाउस वार्ड के कांग्रेसी युवा नेता जय जायसवाल ने बढ़ती रसोई गैस और खाद्य तेल की कीमतों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक तंज कसा है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में “मोदी की गारंटी” आम जनता के लिए राहत की नहीं बल्कि वसूली की गारंटी बनती जा रही है।
जय जायसवाल ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ देने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर वही राशि बिजली के बढ़ते बिलों और महंगाई के रूप में जनता से वापस वसूली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा कर सत्ता में आई भाजपा सरकार अब उस वादे को पूरी तरह भूल चुकी है। आज आम लोगों को रसोई गैस सिलेंडर दुगने-तिगुने दामों में खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि रसोई गैस के साथ-साथ खाद्य तेल के दाम भी लगातार आसमान छू रहे हैं, जिससे मध्यम वर्ग, मजदूर और गरीब परिवारों का घर चलाना मुश्किल हो गया है। महंगाई ने हर वर्ग की कमर तोड़ दी है, लेकिन इसके बावजूद सरकार के पास महंगाई को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस नीति नजर नहीं आती।
जय जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई के मुद्दे पर पूरी तरह चुप्पी साधे बैठी है, जबकि जनता रोजमर्रा की जरूरतों के बढ़ते दामों से परेशान है। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत रसोई गैस और आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।