
राजनांदगांव जिले के थाना लालबाग अंतर्गत पुलिस चौकी सुकुलदेहन क्षेत्र में अवैध धर्मांतरण से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने सशक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी डेविड चाको (55 वर्ष), निवासी ग्राम धर्मपुर को 21 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस को 8 जनवरी 2026 को प्राप्त शिकायत के आधार पर इस मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी अपने निवास स्थान पर प्रार्थना सभा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को प्रलोभन एवं अन्य माध्यमों से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था। इसके अलावा बिना वैधानिक अनुमति के आश्रम संचालन और नाबालिग बच्चों को अपने पास रखने की जानकारी भी सामने आई है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सोलर चार्ज्ड प्रोजेक्टर, धार्मिक साहित्य और कथित रूप से धर्मांतरण से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं। वहीं आगे की विवेचना में चर्च से जुड़े रजिस्टर, सदस्यता सूची, एप्लिकेशन फॉर्म, ट्रेनिंग दस्तावेज, मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार मामले में विदेशी फंडिंग की संभावना को देखते हुए आरोपी के बैंक खातों की जानकारी भी जुटाई जा रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। इस प्रकरण में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3, 4, 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड के लिए आवेदन किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों व सहयोगियों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।










































