
राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र में फर्जी मैरिज ब्यूरो चलाकर युवकों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने संचालक और डायरेक्टर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, “लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से संचालित इस फर्जी कार्यालय में आरोपी इंटरनेट से युवतियों के फोटो डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल तैयार करते थे और इन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से युवकों को भेजते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।
जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से 7 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 की-पैड मोबाइल और 9 रजिस्टर/कॉपी बरामद किए गए। मोबाइल की जांच में 2286 युवतियों के फोटो पाए गए, जिनका इस्तेमाल फर्जी प्रोफाइल बनाने में किया जा रहा था। वहीं बैंक खातों के पिछले एक साल के लेन-देन की जांच में करीब 37 लाख 69 हजार रुपये की ठगी सामने आई है।
इस मामले में नेहा पाठक (23 वर्ष) निवासी राजनांदगांव और धर्मेन्द्र मानिकपुरी (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू सहित पुलिस टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































