डिस्ट्रिक वार रूम में कोविड-19 के संबंध में समीक्षा

राजनांदगांव कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने आज दिग्विजय स्टेडियम स्थित डिस्ट्रिक वार रूम में कोविड-19 के संबंध में समीक्षा बैठक में कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन केन्द्र बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन हमारा सुरक्षा कवच है और अधिक से अधिक युवा, पत्रकार, कर्मचारी एवं अलग-अलग श्रेणी के नागरिकों को वैक्सीन लगाने के लिए तैयारी करें। 18 से 44 वर्ष के विभिन्न कार्डधारियों के टीकाकरण के साथ ही फ्रंट लाईन वर्कर का टीकाकरण भी किया जाएगा।
राज्य शासन के निर्देशानुसार फ्रंट लाईन वर्कर में पत्रकार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, पंचायत सचिव, सब्जी विक्रेता, दिव्यांग व्यक्ति, कलेक्टर द्वारा कोरोना ड्यूटी में लगाए गए व्यक्ति, कोटवार, पटेल, राज्य सरकार के कर्मचारी, राज्य पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग के कर्मचारी एवं अन्य को शामिल किया गया है। इसके लिए समुचित व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जिन्हें वैक्सीन का पहला डोज लग गया है, उन्हें दूसरे डोज के लिए भी व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसके लिए अलग से केन्द्रों में स्टाफ की व्यवस्था करें। उन्होंने वैक्सीनेशन केन्द्रों के चिन्हांकन के संबंध में चर्चा की। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर वर्मा ने मितानिनों द्वारा कोरोना संक्रमित मरीजों को दवाई किट वितरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोरोना के लक्षण वाले मरीजों को दवाई देना सुनिश्चित करें। कोरोना सैम्पल एवं कोरोना पॉजिटिव मरीजों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आगामी ईद के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए किसी भी तरह के सामूहिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होना चाहिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कविलाश टंडन, एसडीएम मुकेश रावटे, डिप्टी कलेक्टर लता उर्वशा, डिप्टी कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, राहुल रजक, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल कुमरे, डीपीएम गिरीश कुर्रे, जिला शिक्षा अधिकारी एचआर सोम, शासकीय मेडिकल कालेज से अविन चौधरी, डाटा मैनेजर आईडीएसपी अखिलेश नारायण सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।











































